गजब सरकार: मंडी में विकास के नाम पर वोट नहीं, मंडी को मुख्यमंत्री मिलने का सम्मान मिला, इसलिए वोट दो

शिमला. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी में नगर निगम के चुनाव हो रहे हैं। मुख्यमंत्री सहित तीन मंत्री मंडी में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए प्रचार कर रहे हैं। प्रचार के लिए तीसरी बार मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जनता से अपील कर रहे हैं कि वर्षों बाद मंडी को सम्मान मिला है, उसे बनाए रखना हम सभी का काम है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सीधे तौर पर यह कहना चाह रहे हैं कि आजादी के बाद पहली बार मंडी जिले से कोई मुख्यमंत्री बना है, इसलिए मंडी के लोगों को मुख्यमंत्री बनने के नाम पर वोट देना चाहिए। जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बने तीन वर्ष से अधिक का समय हो गया है। सरकार पर मंडी जिले में ही अधिक विकास कराने के आरोप भी लगते हैं और मंडी जिले में ही विकास का सबसे अधिक बजट खर्च हो रहा है। इसके बाद भी मुख्यमंत्री मंडी शहर में ही विकास के नाम पर वोट नहीं मांग पा रहे हैं। क्या ऐसा लग रहा है कि जिस विकास के दाबे मुख्यमंत्री हर मंच से करते हैं, वो विकास जनता को दिखाई नहीं दे रहा है। अगर सरकार ने ऐसा विकास किया होता जो जनता को दिखाई देता तो फिर सरकार को विकास के नाम पर वोट मांगने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री अपने ही गृह जिले में विकास के नाम पर नहीं बल्कि मंडी को मिले सम्मान को बनाए रखने को वोट मांग रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री के गृह जिले में यह हाल है तो धर्मशाला, पालमपुर और सोलन में मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्री किसका सम्मान बनाए रखने के लिए वोट मांगेंगे, यह भी बड़ा सवाल है।