प्रो. राम कुमार ने नंगनोली में किया सिंचाई योजना का शिलान्यास

ऊना, 22 सितंबर: हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत गांव नगनोली में 13 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाली सिंचाई योजना का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पेयजल, सिंचाई, सडक, शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार कृतसंकल्प है और इन क्षेत्रों में सरकार द्वारा विभिन्न विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किये जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा गरीब लोगों के कल्याणर्थ आयुष्मान भारत योजना व हिम केयर जैसी कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आहवान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जून 2022 तक प्रदेश की सड़कों को बेसहारा पशु मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश की सड़कें सुरक्षित बनें तथा किसान भी बेसहारा पशुओं की समस्या से खेती-बाड़ी छोड़ने को मजबूर न हों, इस दिशा में आधुनिक गौ अभ्यारण्य तथा बड़ी गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। जहां पर बेसहारा पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष नरेंद्र राणा, जिला परिषद सदस्य ओंकार, एसडीओ होशियार सिंह, जेई कलसी, राजकुमार पवार, संजय शर्मा, अशोक कुमार, कुलविंदर, चूड़ामणि, ओपिंदर, सुशील कुमार, विकास नरेश चैहान, अनिल ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।