फर्जी डिग्री कांड में क्यों बगलें झांक रही है सरकार जनता को दे जवाब

सुजानपुर के खैरी में बनी कॉउ सेंक्चुरी की तुरंत विजिलेंस से जांच करवाए सरकार : राणा

सुजानपुर 27 सितंबर
सुजानपुर के सीमांत खैरी क्षेत्र में विधायक राजेंद्र राणा ने एक बार फिर भ्रष्टाचार मामले में सरकार को रडार पर लेते हुए कहा कि 20 हजार करोड़ से ज्यादा के फर्जी डिग्री घोटाले पर सरकार बगलें झांक रही है। बीजेपी का बड़ा धड़ा इस मामले पर रहस्यमयी चुप्पी साधे हुए है। जबकि दूसरे धड़े के इशारे पर कुछ लोग इस मामले में उछल कूद मचाते हुए अमर्यादित भाषा में अनाप-शनाप बोल रहे हैं। मामले में जवाब देने की बजाय उल्टे सवाल कर रहे हैं। राणा ने सुजानपुर के खैरी क्षेत्र में जनसमस्या समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की वकालत करने वाली सरकार के राज में खैरी क्षेत्र में बनी नवनिर्मित कॉउ सेंक्चुरी में भारी घोटाला हुआ है। खैरी में हाल ही में बनी कॉउ सेंक्चुर निर्माण गुणवत्ता को लेकर खुद पीडब्ल्यूडी विभाग शक और संदेह के घेरे में है। क्योंकि खैरी कॉउ सेंक्चुरी की दीवारें उद्घाटन से पहले उधड़ कर भ्रष्टाचार का सबूत बनने लगी हैं। राणा ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा बताए जाने पर इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को विजिलेंस की जांच के लिए की है। विजिलेंस की जांच के बाद खैरी कॉउ सेंक्चुरी के निर्माण में भी लाखों का घोटाला निकलेगा, यह तय है। लोगों को अपने साथ चलाने व पार्टी से जोडऩे के मामले में मास्टर हो चुके राणा ने इस समारोह में खैरी क्षेत्र के करीब 30 परिवारों ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस के साथ जोड़ा है। जबकि इसी कड़ी में अन्य एक कार्यक्रम जंगल में दो दर्जन परिवारों को कांग्रेस के साथ जोड़ा है। इस अवसर पर विधायक राणा ने खैरी में बाड़बंदी लगाने के लिए डेढ़ लाख रुपए व सराय भवन बनाने के लिए 2 लाख रुपए, लोअर दुदला में महिला मंडल की मुरम्मत के लिए 2 लाख, जाखू महिला मंडल की मुरम्मत के लिए डेढ़ लाख रुपए की घोषणा की। राणा ने आगे बोलते हुए कहा कि विकास के एजेंडे पर सरकार पूरी तरह से फेल और फ्लॉप हुई है। लगातार कर्जे में डूब रहे प्रदेश में अब कर्मचारियों व अधिकारियों को अपने हकों व हितों की चिंता सताने लगी है। सरकार में बढ़ रहा अराजक माहौल बता रहा है कि बीजेपी की सरकार जाने वाली है और कांग्रेस की सरकार आने वाली है। महंगाई व बेरोजगारी ने जनता को कुचल कर रख दिया है। 400 रुपए का सिलेंडर 1000 रुपए में, 60 रुपए का पेट्रोल 110 रुपए लीटर में, 70 रुपए में बिकने वाला सरसों का तेल 200 रुपए में बिक रहा है। उस पर देश के सरकारी उपक्रमों की बेखौफ सेल लगी हुई है। ऐसे मनमाने व अराजक माहौल में सरकार व सिस्टम से जनता का भरोसा उठना स्वाभाविक है। जनादेश के दम पर बीजेपी सरकार देश की जनता के साथ मनमानी कर रही है। इसी दौरान खैरी के प्रधान किशोरी लाल, उपप्रधान जगदीश चंद, वार्ड मेंबर भूमि देव, प्रधान जंगल पंचायत शकुंतला देवी, पूर्व प्रधान खैरी बलजीत सिंह, बीडीसी रवि कुमार, खनौली पंचायत के उपप्रधान मनजीत सिंह, प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन व प्रवक्ता अभिषेक राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, जिला महासचिव जोगिंदर ठाकुर, महासचिव डॉ. अशोक राणा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन अटवाल, ब्लॉक महासचिव कमल कटोच, ब्लॉक उपाध्यक्ष व पूर्व प्रधान किशोर, महिला मंडल प्रधान पवना बड़वाल, मगा देवी, प्रवीण कुमारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।