लोकप्रियता में अनुराग ने लगाई लंबी छलांग, अब रिपोर्ट कार्ड हो रहा तैयार

शिमला. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकप्रियता के पैमाने पर लंबी छलांग लगाई है। जन आशीर्वाद रैली में उमड़ी समर्थकों की भीड़ ने साबित किया है कि अनुराग ठाकुर प्रदेश की जनता के बीच लोकप्रिय हैं। अपने राजनैतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए अनुराग ठाकुर ने यात्रा को भाजपा कार्यकर्ताओं से आगे निकालकर जनता से कनेक्ट करने का पूरा प्रयास किया और सफलता भी हासिल की। यात्रा के दौरान कहीं गाड़ी से उतरकर दौड़ते हुए दोस्त से मिलने जाना तो कहीं स्वागत के लिए खड़े बच्चों के हाथ से फूल लेकर सेल्फी लेने का सीन चर्चा बटोरने में भी कामयाब रहा। इसी तरह बुजुर्ग माताओं से गले लगकर मिलना और पैर छूकर आशीर्वाद लेने का मैनेजमेंट फॉर्मूला भी जनता के बीच चर्चा के मामले में कामयाब रहा। भले ही यह अनुराग ठाकुर के पॉलिटिकल मैनेजमेंट का हिस्सा रहा हो लेकिन जनता से कनेक्ट करने में कामयाब भी हुए। अनुराग यह संदेश देने में सफल रहे कि आशीर्वाद यात्रा सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत का समारोह नहीं बल्कि जनता का समारोह भी है।
केंद्रीय मंत्री बनने के बाद अनुराग ठाकुर के स्वागत के आयोजित आशीर्वाद यात्रा को कामयाब करने का जिम्मा प्रदेश भाजपा के कंघो पर था। यात्रा का निर्णय केंद्रीय हाईकमान ने लिया था तो सफल करना संगठन के नेताओं के साथ-साथ सत्ता के लिए भी जरुरी था। प्रदेश भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने सफलता के लिए जो योजना तैयार की, उससे कहीं अधिक ज्यादा सफलता यात्रा को मिली, इसका कारण अनुराग ठाकुर की प्रदेश में बढ़ती लोकप्रियता भी थी। आशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ सभी मंत्री, संगठन के पदाधिकारी, पार्टी के विधायक व सांसद शामिल रहे। पार्टी के दिग्गज नेता शांता कुमार ने भी पालमपुर पहुंचने पर स्वागत किया। जिससे अनुराग की यात्रा के बहुत से छड़ ऐतिहासिक हो गए। अनुराग ठाकुर की हमीरपुर में भारी जनसमूह के साथ रैली, ऊना में आधी रात तक भव्य स्वागत और लगभग सुबह के पहर 3.30 बजे मैहतपुर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का समापन, सभी यादगार रहा है। जन आशीर्वाद यात्रा प्रदेश में करीब 630 किलोमीटर चली। जिसमें 43 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए 22 रैलियों का आयोजन हुआ और 175 स्थानों पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। आशीर्वाद यात्रा के समापन के बाद अब रिपोर्ट कार्ड भी तैयार हो रहा है। जिसमें यह आंकलन भी हो रहा है कि किन नेताओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया और कौन मात्र औपचारिकता के लिए चेहरा दिखाने के लिए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के रिपोर्ट संगठन की ओर से अधिकारिक भी तैयार हो रही है जो पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। इस तरह अनुराग ठाकुर की यात्रा प्रदेश भाजपा के लिए भी बहुत फायदमंद साबित होगी क्योंकि वह पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने में पूरी तरह कामयाब रहे। जिसका फायदा सरकार को आने वाले विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा।