विक्रमादित्य की प्रदेश स्तरीय दौरे की सियासत, बढ़ा रहे कारवां

शिमला. प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने राजनैतिक मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश की राजनीति में अपना महत्वपूर्ण स्थान बनाने के लिए विक्रमादित्य सक्रिय हैं और प्रदेश स्तरीय दौरा कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि विक्रमादित्य राजनैतिक विरासत को मजबूत करने में जुट गए हैं। इसके तहत वह प्रदेश के वीरभद्र समर्थक नेताओं को सीधे तौर पर अपने साथ जोड़े रखने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस की सियासत में यह सवाल खड़ा ही है कि अब कांग्रेस का नेता कौन होगा, जिसके लिए कांग्रेस के सीनियर नेता प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में विक्रमादित्य सिंह भी कांग्रेस की सियासत में प्रमुख स्थान बनाने के लिए जुटे हैं। जिसके लिए विक्रमादित्य सिंह प्रदेश स्तरीय दौरा कर रहे हैं। अभी विक्रमादित्य सिंह सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने मंडी का दौरा किया फिर कुल्लू में आयोजित जनआक्रोश रैली में भाग लेकर सरकार के खिलाफ हमला भी बोला था। इस तरह विक्रमादित्य सिंह लगातार प्रदेश की सियासत में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। इसी बीच विक्रमादित्य सिंह का दिल्ली दौर भी सियासी चर्चा में है। विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस के महासचिव संगठन वेनुगोपाल के अलावा रणदीप सिंह सुरजेवाला से भी मुलाकात की है। इसका मकसद भी प्रदेश कांग्रेस की बागडोर संभालने से संबंधित माना जा रहा है।