समाज सेवा में महिलाओं की भागीदारी है जरूरी : राणा

महिला मंडल सम्मान समारोह के दौरान सुजानपुर में 4 महिला मंडलों को 12-12 हजार रुपए देकर किया सम्मानित
सुजानपुर 12 दिसंबर
सुजानपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत थाना धमडि़याणा में आयोजित महिला मंडल सम्मान समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करने पहुंचे सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने 4 महिला मंडलों को 12-12 हजार रुपए व एक-एक टेंट देकर समाज सेवा कार्यों के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया। राणा ने कहा कि समाज सेवा एक सतत व निरंतर प्रक्रिया है। इसका महत्व तब और भी बढ़ जाता है जब नारी शक्ति समाज सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवाती है। राणा ने कहा कि सुजानपुर के तमाम महिला मंडल समाज सेवा व महिला वर्ग के उत्थान के लिए शानदार कार्य करते हुए प्रदेश भर के लिए मिसाल बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति समाज सेवा की अग्रणी भूमिका में रहेगी तो समाज से बहुत से विकार व कुरीतियां स्वाभाविक तौर पर खत्म होंगी। उन्होंने कहा कि सुजानपुर के महिला मंडलों की कार्यशैली को लेकर उन्हें प्रदेश ही नहीं प्रदेश के बाहर की महिला नेताएं अक्सर जानकारी देती हैं कि सुजानपुर में महिला मंडलों की कार्यशैली किस तरह से समाज का सहयोग कर रही है। राणा ने महिला मंडलों के प्रधानों व पदाधिकारियों से अपील की है कि समाज सेवा की आदत अभी से लड़कियों में डालें। क्योंकि नारी शक्ति जितनी सशक्त होकर समाज सेवा में आगे आएगी उतना ही मजबूत व सशक्त समाज का निर्माण होगा। जो कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसी दौरान कार्यक्रम में प्रधान बाम देव, उपप्रधान विक्रम चंद, बीडीसी शारदा देवी, वार्ड मेंबर कंचन देवी, सुरेश कुमार, सूबेदार रंगीला राम, जगरनाथ, सूबेदार भूमि देव, महिला मंडल प्रधान गमरो देवी, विमला देवी, अनिता देवी, निर्मला देवी सर्व कल्याणकारी संस्था के जिला अध्यक्ष लेखराज ठाकुर, दुनी चंद राणा व सैकड़ों लोग मौजूद रहे।