स्टेट हुड, मारो ठुड, का नारा लगाने वाले निकाल रहे स्वर्णिम यात्रा

शिमला. विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार की स्वर्णिम रथ यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकारी खर्चे पर भाजपा की यात्रा है। जिन लोगों का हिमाचल के निर्माण करने में कोई योगदान नहीं है, वह लोग हिमाचल के विकास की यात्रा निकाल रहे हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि जब कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार हिमाचल को पूर्ण राज्यत्व की मांग कर रहे थे, तब भाजपा नेता स्टेट हुड को मारो ठुड, का नारा लगाकर विरोध कर रहे थे। कांग्रेस सरकार के प्रयासों से हिमाचल को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा प्राप्त हुआ और हिमाचल का विकास भी कांग्रेस सरकारों के समय हुआ है। कांग्रेस के नेता और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार को हिमाचल निर्माता का दर्जा प्राप्त है। वहीं प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता है। प्रदेश का विकास कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में हुआ है। भाजपा सरकार के समय तो हिमाचल को बेंचने का काम किया है। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के समय प्रदेश 60 हजार करोड़ से अधिक के कर्ज में दबा है लेकिन सरकार यात्रा निकाल कर फिजूलखर्ची कर रही है। पहले सरकारी खर्चे में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली गई और अब सरकार स्वर्णिम रथ यात्रा निकाल रही है। जिसमें सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए खर्च होंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि अगर यही पैसा सरकार विकास के कार्य में खर्च करती तो बेहतर होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार चार वर्षों में विकास कराने में पूरी तरह नाकाम रही है। अब कांग्रेस राज में किए गए विकास कार्यों को गिनाकर हिमाचल के विकास को जनता को दिखाने जा रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विकास यात्रा के दौरान यह नहीं बता पाएंगे कि उन्होंने चार साल में कौन सा विकास किया है। विकास में नाकाम रही जयराम सरकार की यह विदाई यात्रा साबित होगी। सरकार की नाकामी जनता ने देखी है और जनता अब सरकार को विदा करने का मन बना चुकी है। यह सरकार न तो सड़क बना सकी और न ही रेल लाइन और हवाई अड्‌डा बना सकी है। जनता से वायदे करने वाले जयराम ठाकुर अपना ड्रीम प्रोजेक्ट मंडी के हवाई अड्डे का चार साल में निर्माण शुरु भी नहीं करा सके, पूरा करना तो एक सपना ही है।