हिमाचल के विकास की गौरव यात्रा

शिमला. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार हिमाचल प्रदेश में 50 वर्षों में हुए विकास की गौरव यात्रा निकालने जा रही है। यह गोरव यात्रा 2 अक्टूबर से शुरु होगी और 25 जनवरी 2022 को राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस पर समापन होगा। गौरव यात्रा के माध्यम से प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में गौरव का जश्न मनाया जाएगा। गौरव यात्रा का चेहरा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर होंगे। गौरव यात्रा में प्रदेश में 50 वर्षों के दौरान हुए विकास की यात्रा का विवरण भी जनता के सामने होगा। यात्रा को सफल बनाने के लिए सरकारी स्तर पर तैयारियां शुरु हो गई हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा को सफल बनाने के लिए आदेशित किया है। वहीं राज्य सरकार ने नाहन के विधायक राजीव बिंदल की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली यात्रा के 50 वर्षों में आम आदमी के योगदान का जश्न मनाया जाएगा। सरकार प्रदेश के विभिन्न विभागों के माध्यम से राज्य भर में 51 कार्यक्रम आयोजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में राज्य के विकासात्मक इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों जैसे- खेल, सामाजिक कार्य, संस्कृति, साहित्य आदि में उपलब्धि हासिल करने वाले सफल लोगों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।