कांगड़ा में बनेगी 100 करोड़ से स्पोर्टस यूनिवर्सिटी, पठानिया का पहला बड़ा ऐलान

 

शिमला. वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने मंत्री बनने के बाद पहला बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में सौ करोड़ रुपए से स्पोर्टस यूनिवर्सिटी बनेगी। जिसके लिए वह 10 अगस्त से पहले केंद्रीय खेल मंत्री से मिलेंगे और स्पोर्टस यूनिवर्सिटी के लिए चर्चा करेंगे। पठानिया ने कांगड़ा जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा की और खेल यूनिवर्सिटी के लिए 200 कनाल सरकारी भूमि का चयन करने के लिए कहा है। इस तरह पठानिया अपने तेजतर्रार छवि के चलते अब फॉर्म में दिख रहे हैं। पठानिया में कार्य करने का जज्बा है और मुख्यमंत्री के द्वारा दिए गए विभागों में विकास की रुपरेखा तैयार करने लगे हैं। पठानिया ने यह सबसे बड़ा ऐलान किया कि कांगड़ा जिले में स्पोर्टस यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। पठानिया का खेलों के प्रति पहले से रुझान रहा है और वह विधायक रहते हुए भी खेल से संबंधित मुद्दे विधानसभा में उठाते रहे हैं। पठानिया ने विधानसभा में प्रदेश की खेल नीति पर भी खुलकर सवाल उठाए थे और इसमें बदलाव की बात की थी। खेलों के लिए बजट का प्रावधान करने की बात भी पठानिया करते रहे। अब पठानिया के खेल मंत्री बनने के बाद लगता है कि प्रदेश में हर खेल के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पठानिया हमेशा से कहते रहे हैं कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है लेकिन खेल नीति और खेलों की सुविधाओं की कमी के कारण खेल प्रतिभाओं को सही अवसर नहीं मिल पा रहे है। अब तय है कि पठानिया खेल के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करेंगे।