20 नवंबर को चंडीगढ़ में नवाजी जाएंगी कई जानी-मानी हस्तियां

20 नवंबर को चंडीगढ़ में नवाजी जाएंगी कई जानी-मानी हस्तियां, राजेंद्र राणा ने लिया तैयारियों का जायजा
हमीरपुर/चंडीगढ़, 17 नवंबर – पीड़ित मानवता की सेवा व सामाजिक कार्यों में समूचे उत्तरी भारत में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी सर्व कल्याणकारी संस्था (पंजीकृत) द्वारा ट्राई सिटी स्थित हिमाचल की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 20 नवंबर को अपने 17वें  वार्षिक समारोह का आयोजन सेक्टर 41 बी स्थित रामलीला ग्राउंड में किया जा रहा है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं को शान- ए -हिमाचल और शान- ए- हिंद अवार्ड से भी अलंकृत किया जाएगा। एक शाम हिमाचली संस्कृति के नाम कार्यक्रम भी इसमें शामिल रहेगा जिसमें हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक व पार्श्व गायक धीरज शर्मा सहित अनेक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सर्व कल्याणकारी संस्था के चेयरमैन व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने आज चंडीगढ़ स्थित संस्था के पदाधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का दौरा किया और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
राजेंद्र राणा ने  बताया कि संस्था द्वारा अब तक 16 वार्षिक समारोह आयोजित करके  विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियां दर्ज करने वाली देश की कई विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है और इसी कड़ी में चंडीगढ़ में 17 वें  वार्षिक समारोह का आयोजन संस्था द्वारा किया जा रहा है, जिसमें ट्राइसिटी में हिमाचल से संबंध रखने वाली विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी अपनी पूरी सहभागिता दर्ज करवा रही हैं। इस समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री पवन कुमार बंसल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
राजेंद्र राणा ने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर चंडीगढ़ व साथ लगते क्षेत्रों में रह रहे हिमाचल वासियों में बहुत उत्साह देखने को मिल रहा है। इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ निवासी भी हिमाचल प्रदेश की गौरवपूर्ण संस्कृति से साक्षात्कार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे यह कार्यक्रम शुरू होगा। इस कार्यक्रम में 11 विशिष्ट प्रतिभाओं को शान- ए -हिमाचल और शान- ए- हिंद अवार्ड से भी अलंकृत किया जाएगा।
राजेंद्र राणा ने कहा कि इस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है । उन्होंने कहा संस्था द्वारा हर वर्ष शिक्षा, कला- संस्कृति ,विज्ञान व अनुसंधान , चिकित्सा,  खेल जगत, समाज सेवा,
साहस व वीरता , साहित्य , प्रशासनिक क्षेत्र व  आईटी सेक्टर सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय व राष्ट्र स्तरीय अवार्ड दिए जाते हैं। संस्था द्वारा दर्जनों निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी अब तक किया जा चुका है जिसमें देश के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा भाग लेकर रोगियों को निशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं व दवाएं प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं व महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी संस्था लगातार प्रयासरत है।