युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही भाजपा सरकार, 63 हजार खाली पदों को नहीं भर पाई, कांग्रेस सरकार बनने पर 1 लाख पदों पर होगी भर्ती : प्रियंका गांधी

ऊना. प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में पांच साल सरकार चलाई लेकिन कुछ काम नहीं किया। अब फिर जनता से झूठे वादे कर रहे हैं। प्रदेश में सरकारी विभागों में 63 हजार पद खाली है। भाजपा सरकार ने पांच साल तक पदों की भर्ती नहीं की, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। अब प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या 15 लाख से अधिक हो गई है। कांग्रेस शासित राज्यों में पांच साल में लाखों युवाओं को रोजगार दिया है लेकिन भाजपा सरकार रोजगार देने में नाकाम रही है। प्रियंका गांधी ने अग्निवीर योजना को लेकर भाजपा की सरकार पर हमला किया। भाजपा सरकार पर सेना को ठेके पर देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं के साथ खिलबाड़ है। इसमें सेना में हजारों लोग भर्ती होते थे लेकिन अब 500 लोग ही भर्ती हो पाएंगे। जिसमें से 75 फीसदी वापस आ जाएंगे।

हिमाचल की भाजपा सरकार ने प्रदेश को 70 हजार करोड़ के कर्ज में दबा दिया है। प्रियंका गांधी ने सवाल करते हुए कहा कि जो काम कांग्रेस सरकार के समय में हो सकता है तो भाजपा सरकार क्यों नहीं कर सकती है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सरकार ने कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की है लेकिन भाजपा शासित राज्य नहीं कर रहे हैं। जिससे साबित होता है कि भाजपा सरकार कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ देना ही नहीं चाहती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी वर्षों से ओपीएस की मांग कर रहे हैं तो सरकार ने नहीं मानी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि अब जनता को फैसला करना है कि वह सत्य के साथ चलना चाहते हैं या झूठ के साथ। भाजपा हमेशा झूठ की राजनीति करती है। कांग्रेस ने हमेशा सेवा की नियत से राजनीति की है। कांग्रेस की नियत साफ है जिससे कांग्रेस ने हमेशा जनता के हाथ मजबूत किए हैं।

 

प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने नहीं हिमाचल की जनता ने हिमाचल को बनाया है। इसी जमीन से परमार और वीरभद्र सिंह जैसे नेता ऊभरे हैं। भाजपा नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि वह यहां आकर झूठे वायदे कर रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। हिमाचल की सरकार कंगाल कर दी है। कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला। एचआरटीसी के कर्मचारियों को पेंशन और वेतन नहीं मिला। भाजपा सरकार लगातार घोटाले कर रही है। कोरोना के समय पीपीई घोटाला किया। पुलिस भर्ती में बड़ा घोटाला कर दिया और पेपर बेंच दिया। इसकी तरह खनन घोटाला हुआ है।

 

प्रियंका गांधी ने कहा कि डबल इंजन की सिर्फ बातें हो रही हैं, विकास कोई नहीं किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं झूठे वायदे नहीं करते हैं। हिमाचल में भाजपा के बड़े बड़े नेता बन गए और उन्होंने अपना विकास किया लेकिन हिमाचल का विकास नहीं किया। हिमाचल के किसान और बागवान परेशान है। किसानों की फसल का दाम सरकार तय करती है और अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं। इस तरह भाजपा पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने जनता से अपील की है कि वह हिमाचल में सत्ता परिवर्तन करे। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर हम काम करके दिखाएंगे। हर घर लक्ष्मी योजना के बारे में महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाएं बहुत ही संघर्ष का जीवन जीती है। हर घर लक्ष्मी योजना के तहत 1500 रुपए सम्मान राशि दी जाएगी।