राकेश पठानिया लगा रहे प्रदेशस्तरीय दौड़, सरकारी कामों के साथ संगठन का भी मोर्चा संभाला

संदीप उपाध्याय

शिमला. मंत्री बनने के बाद राकेश पठानिया प्रदेश स्तरीय दौड़ लगा रहे हैं। पठानिया की यह दौड़ इसलिए महत्वपूर्ण है कि अभी तक सरकार के मंत्रियों पर यह सवाल उठते रहे कि अपने विधानसभा क्षेत्र या जिले के मंत्री बनकर सीमित हो गए हैं। यह सवाल इसलिए उठते रहे कि मंत्रियों के दौरे राजधानी शिमला, दिल्ली और अपने जिले तक ही नजर आते हैं। लेकिन पठानिया को मंत्री पद संभाले दो महीने का ही समय नहीं हुआ है और वह प्रदेश के आधे से अधिक जिलों का दौरा कर चुके हैं। मंत्री बनने के बाद पठानिया ने राजधानी शिमला और अपने विधानसभा क्षेत्र नूरपुर में कम ही समय बिताया है। वह हमीरपुर, सोलन, मंडी और शिमला जिले की रोहड़ू, चौपाल, ठियोग विधानसभा के दौरे पर हैं और मंडी का एक दौरा कर दोबारा मंडी के सराज और नाचन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जाने वाले हैं। पठानिया अपने दौरे के दौरान अपने विभाग न और खेल विभाग के कार्यक्रमों के साथ संगठन के मंडल कार्यकर्ताओं की मीटिंग भी कर रहे हैं। बतौर पठानिया उन्होंने अभी तक एक दर्जन से अधिक भाजपा मंडलों की मीटिंग में भाग ले चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

मंत्री बनने के बाद पठानिया ने सुंदरनगर से होकर बैजनाथ, पालमपुर, धर्मशाला सहित कांगड़ा जिले में कई कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद हमीरपुर जिले में अधिकारियों के साथ बैठक कर भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मिले। इसके बाद सोलन जिले में वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग में भी भाग लिया। विधानसभा सत्र के दौरान 10 दिन शिमला में बिताए तो अब अपर शिमला के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। पठानिया ने रोहडू विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया वहां पर चांशल जाकर खूबसूरत वैली को देखा और अगले विंटर राष्ट्रीय गेम कराने की योजना तैयार करने लगे। इसके लिए उनके साथ खेल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहां पर वन विभाग के अधिकारियों के साथ खरशाली में इको टूरिज्म प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही भाजपा नेत्री शशि वाला के साथ रोहड़ू मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। इसके बाद पठानिया ने चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवीर वर्मा के साथ मंडल के कार्यकर्ताओं की मीटिंग की और क्षेत्र में इको टूरिज्म और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों से चर्चा की। आज पठानिया का ठियोग विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इस तरह पठानिया लगातार प्रदेश स्तरीय दौरे पर हैं जहां हर विधानसभा क्षेत्र में सरकार के द्वारा किए जाने वाले विकास कार्य का जायजा भी ले रहे और संभावनाएं तलाश रहे और इसके साथ ही भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर संगठन को भी मजबूत कर रहे हैं।