सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा मंत्री पद के सशक्त दावेदार, मुख्यमंत्री ने आखिर क्यों नहीं बनाया, पढ़िए

शिमला. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पहले कैबिनेट विस्तार में पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा को शामिल नहीं किया है। मंत्री पद के सशक्त दावेदार सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा के मंत्री मंडल में शामिल न होने से उनके राजनैतिक रुतबे को बड़ा झटका लगा है। अभी मंत्रीमंडल में तीन और मंत्री शामिल होने है। संभावना है कि मुख्यमंत्री जल्द ही तीन मंत्रियों को अपनी कैबिनेट में जगह देंगे। जिसमें सुधीर शर्मा का मंत्री बनना तय माना जा सकता है। वहीं राजेंद्र राणा भी मंत्रीमंडल में शामिल हो सकते हैं।

पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा कांग्रेस की सियासत के बड़े चेहरे हैं, खासतौर से प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के। गत विधानसभा चुनावों में सुधीर शर्मा चुनाव हार गए थे  और उसके बाद धर्मशाला विधानसभी के हुए उपचुनाव में सुधीर शर्मा ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इस कारण सुधीर शर्मा कांग्रेस की सियासत में थोड़ा पीछे हो गए। इस विधानसभा चुनावों में सुधीर शर्मा चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। जिससे सुधीर शर्मा का मंत्री बनना तय था लेकिन मुख्यमंत्री ने पहले कैबिनेट विस्तार में सुधीर शर्मा को शामिल नहीं किया। जिससे उनके राजनैतिक रुतबे को झटका तो लगा है। सुधीर शर्मा अभी पारिवारिक काम से विदेश में है। लौटकर आने पर वह इस बारे में जरुर चर्चा करेंगे। सुधीर शर्मा भी पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कट्‌टर समर्थक रहे हैं। उनकी राजनैतिक वफादारी हॉलीलाज के प्रति रही है। सूचना के अनुसार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद की लड़ाई में कांगड़ा के चुने विधायकों ने हाईकमान का निर्णय मानने की बात कही थी, जिसमें सुधीर शर्मा भी शामिल रहे हैं।

वहीं सुजानपुर से तीसरी बार विधायक बने राजेंद्र राणा का कद भी कांग्रेस पार्टी की सियासत में बहुत बड़ा है। गत चुनावों में राजेंद्र राणा में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे प्रेम कुमार धूमल को पराजित किया था। जिससे प्रदेश के सियासत में राजेंद्र राणा का कद बहुत बढ़ गया है। राजेंद्र राणा को कांग्रेस हाईकमान ने कार्यकारी अध्यक्ष के पद से नवाजा है। इस विधानसभा चुनावो में भी राणा के खिलाफ प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए दम लगाया लेकिन राणा जीतने में कामयाब रहे।  कांग्रेस सरकार बनने पर तय माना जा रहा था कि राजेंद्र राणा को मंत्री पद जरुर मिलेगा लेकिन मुख्यमंत्री ने पहले कैबिनेट विस्तार में राणा को जगह नहीं दी। हमीरपुर से जिले को मुख्यमंत्री का पद मिला है जिससे शायद यह बात हो कि अब हमीरपुर से कैबिनेट मंत्री बनाने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस पार्टी की जीत के बाद राजेंद्र राणा ने कहा था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर वह प्रतिभा सिंह का समर्थन करेंगे। मुख्यमंत्री पद की लड़ाई के दौरान राजेंद्र राणा प्रतिभा सिंह के साथ ही नजर आते रहे। शायद यह कारण भी हो सकता है कि राणा को मंत्रीमंडल में जगह न दी गई हो।

अब देखना है कि आगे होने वाले मंत्रीमंडल विस्तार में सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा को मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट में शामिल करते है कि नहीं। यह तय है कि दोनों नेता मंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं और दोनों नेताओं की पहुंच दिल्ली हाईकमान में भी बेहतर है।