राजीव शुक्ला ने किया ऐलान : कांग्रेस लागू करेगी ओल्ड पेंशन स्कीम

शिमला. प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने शिमला में प्रेस कांफ्रेंस कर ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कर्मचारियों को उत्पीड़न कर रही है। ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहे कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। शुक्ला ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की है। हिमाचल में भी कांग्रेस सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। शुक्ला ने यह भी ऐेलान किया कि नौकरियों में ठेकेदारी प्रथा बंद की जाएगी और आउटसोर्स कर्मचारियों को पॉलिसी बनाकर सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा। कांग्रेस सरकार बनने पर ठेकेदारों के माध्यम से भर्ती नहीं होगी बल्कि सीधी सरकारी तौर पर भर्ती होगी। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस करुणामूलक आधार पर भी सभी पात्र लोगों को नौकरी देगी। इस प्रकार शुक्ला ने आगामी विधानसभा चुनावों में कर्मचारियों को लुभाने के लिए बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के पद पर बदलाव के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस में बहुत से काबिल नेता हैं जो हर जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम है। कांग्रेस हाईकमान ही निर्णय लेगा कि चुनाव के पहले किसको क्या जिम्मेदारी सौंपनी है। शुक्ला ने दावा किया कि पूरी कांग्रेस एकजुटता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस की जीत निश्चित है। शुक्ला ने कहा कि आज प्रदेश सरकार से समाज का हर वर्ग परेशान है जिसका ही परिणाम था कि उपचुनाव में कांग्रेस को सभी सीटों पर जीत दर्ज हुई है। अब निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत होगी और उसके बाद विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस की जीत होगी।

 

इसके बाद  अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने महिला पत्रकार आरती शर्मा व जी सी तोमर को उनके गले मे  कांग्रेस का पटका डाल कर उनका स्वागत किया।

शुक्ला ने दोनों पत्रकारों का कांग्रेस में शामिल होने  पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्वल भविष्य की कमान की।