तो सुजानपुर में हो जाएगा सबका दल बदल

शिमला. विधानसभा चुनाव 2022 में सुजानपुर सबसे हाट सीट होगी। सुजानपुर में भाजपा के संभावित प्रत्याशी के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सक्रिय हैं तो कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर वर्तमान विधायक राजेंद्र राणा सक्रिय हैं। गत विधानसभा चुनाव 2017 में राणा से हारने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने फिर से सुजानपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है लेकिन कहा है कि अंतिम निर्णय पार्टी को लेना है। जिससे यह तय माना जा रहा है कि अगामी मुकाबला धूमल और राणा के बीच ही होगा। सुजानपुर के मतदाताओं को अपनी अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए धूमल और राणा के बीच मानो मैराथन दौड़ चल रहा है। आए दिन समाचार आ रहे हैं कि सुजानपुर क्षेत्र की इस पंचायत के इतने लोग धूमल के घर जाकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तो दूसरे दिन समाचार आता है कि राणा को समर्थन देते हुए इतने लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। लंबे समय से चल रहे इस दलबदल का हिसाब लगाया जाए तो हजारों लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में और भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। जिससे अब ऐसा लगता है कि चुनावी बेला तक सुजानपुर का हर मतदाता दलबदलू हो जाएगा।
कांग्रेस और भाजपा के सोशल मीडिया में पोस्ट की गई दलबदल की सूचना के अनुसार ऐसा भी हो रहा है कि पिछले कल जो लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, कुछ दिन बाद वही लोग फिर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह खेल लंबे समय से चलता आ रहा है और जैसे-जैसे चुनावी दिन आ रहे हैं और तेज होता जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट शेयर की जिसमें कहा गया कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के उटपुर ग्राम केन्द्र के चार मतदान केंद्रों के सैंकड़ो कार्यकताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान दर्जनों लोग भाजपा में शामिल हुए, सभी भाई बहनों का स्वागत। सभी को पार्टी पूरा मान सम्मान देगी। इसके बाद ही कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि ऊटपुर में कर्मठ कार्यकर्ताओं ने दोबारा कांग्रेस पार्टी अपनाई। उनके अनुसार जबरदस्ती पटके पहनाकर पिछले दिनों उन्हें भाजपा में शामिल करने का छल रचा गया, लेकिन वे सब कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और हमेशा रहेंगे। इस तरह भाजपा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के दलबदल का खेल चल रहा है। इस प्रकार धूमल ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत पनोह में एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर 60 परिवारों के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपना लिया। इस तरह सुजानपुर विधानसभा में दलबदल का खेल चल रहा है। कांग्रेस व भाजपा के नेता क्षेत्र में अपना मजबूत आधार बनाने के लिए लोगों के अपने दल के साथ जोड़ने के अभियान में लगे हैं। इस दलबदल के खेल में कौन मजबूत हो रहा है और कौन कमजोर, इसका पता तो चुनाव परिणाम आने पर ही पता चलेगा कि बाजी मारने में कौन कामयाब रहा है।