देहरा में पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और जोगिन्दर नगर में गुलाब सिंह की सियासत पर सवाल

 

शिमला. देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह और जोगिंदर नगर के निर्दलीय विधायक प्रकाश राणा भाजपा में शामिल हो गए हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद होशियार सिंह और प्रकाश राणा भाजपा के साथ ही खड़ नजर आए। लेकिन दोनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने से देहरा और जोगिंदर नगर के भाजपा नेताओं की सियासत पर सवाल खड़ा हो गया है। देहरा से पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और जोगिंदर नगर से पूर्व मंत्री गुलाब सिंह गत विधानसभा चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों से हार गए थे। जोगिंदर नगर से पूर्व मंत्री गुलाब सिंह केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के ससुर हैं तो देहरा से रविंद रवि प्रेम कुमार धूमल के करीबी हैं। अब अनुराग ठाकुर के ससुर और धूमल के करीब रवि के सियासत पर संकट खड़ा हो गया है। अब यह दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनावों में कहां से मैदान में होंगे, इसकी चर्चाएं शुरु हो गईं है।

देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह और जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा के भाजपा में शामिल होने से यह तय है कि अब यही विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के प्रत्याशी होंगे। चुनावों के समय वर्तमान विधायकों को पार्टी में शामिल करने के साथ यह कमिटमेंट ही होती है कि उन्हें टिकट दिया जाएगा। अब अगर निर्दलीय विधायक ही भाजपा के प्रत्याशी होंगे तो विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के नेताओं का क्या होगा, यह सवाल उठना लाजमी है। दोनों निर्दलीय विधायक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की मौजूदगी में शिमला के भाजपा कार्यालय चक्कर में शामिल हुए। अभी ही भाजपा ने हमीरपुर में दो दिन मंथन किया है। इसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल भी शामिल हुए। यह तय है कि दोनों निर्दलीय विधायकों को भाजपा में शामिल करने को लेकर भी चर्चा हुई होगी। लेकिन सवाल यह है कि इन विधायकों को भाजपा में शामिल करने को लेकर अनुराग और धूमल ने अपनी स्वीकृति दी है कि नहीं। अब सवाल यह है कि देहरा व जोगिंदर नगर के भाजपा नेता पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर पार्टी के निर्णय को मानते हुए क्या सियासी राह अपनाते हैं, यह समय आने पर ही पता चलेगा लेकिन यह तय है कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में निर्दलीय विधायकों के भाजपा में आने से नए समीकरण देखने को मिलेंगे।

 

प्रकाश राणा बोले, टिकट तो हाईकमान तय करेगा, हम पार्टी के लिए काम करेंगे

 

भाजपा में शामिल हुए जोगिंदर नगर के निर्दलीय विधायक प्रकाश राणा ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि टिकट लेने के लिए शामिल नहीं हुए हैं। टिकट तो हाईकमान तय करेगा। हम भाजपा में शामिल हुए हैं और पार्टी के लिए काम करेंगे।

 

होशियार सिंह बोले, टिकिट अलग मामला है, हम भाजपा के लिए कार्य करेंगे

 

देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि टिकट की लड़ाई नहीं है। हम पार्टी को मजबूत करना है। हमें देहरा के विकास की बात करती है। सरकार ने देहरा को करोड़ों की सौगात दी है। देहरा के जो भी भाजपा के कार्यकर्ता हैं, उनका पूरा सहयोग मिलेगा। हम सबको लेकर चलेंगे और सभी को साथ लेकर चलेंगे ।