मंत्रीमंडल विस्तार : अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से 4 मंत्री, शिमला से भी 4, मंडी से मुख्यमंत्री समेत 2, कांगड़ा से 2 मंत्री

 

शिमला. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रीमंडल का विस्तार कर तीन नए मंत्री अपनी कैबिनेट में शामिल किए हैं। जिससे अब कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या मुख्यमंत्री को मिलाकर 12 हो गई है। प्रदेश के चार संसदीय क्षेत्र के अनुसार मंत्रियों का गणित देखा जाए तो सबसे अधिक केंद्रीय राज्य मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र को चार मंत्री मिले हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र को 4 मंत्री, मंडी संसदीय क्षेत्र को मुख्यमंत्री समेत 2 मंत्री और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भी 2 मंत्री मिले हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के मंत्रियो में मंडी जिले की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेंद्र सिंह, कांगड़ा जिले की देहरा विधानसभा क्षेत्र से विक्रम ठाकुर, ऊना जिले की कुठलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से वीरेंद्र कंवर और बिलासपुर जिले की घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से राजेंद्र गर्ग मंत्री हैं। इस तरह पांच जिलों में फैले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से चार मंत्री हैं और अनुराग ठाकुर स्वयं ही केंद्र सरकार में मंत्री हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं हैं और कुल्लू जिले से गोविंद ठाकुर मंत्री हैं। शिमला जिले से सुरेश भारद्वाज और राजीव सहजल पहले से मंत्री हैं और लाहौल स्फिति से रामलाल मारकंडे मंत्री बनाए गए थे।  अब नाहन जिले से सुखराम चौधरी मंत्रीमंडल में शामिल हुए जिससे अब शिमला संसदीय क्षेत्र से तीन मंत्री हो गए हैं। वहीं कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से दो ही मंत्री हैं। पहले सरवीर चौधरी मंत्री हैं और नूरपुर से राकेश पठानिया नए मंत्री के रुप में मंत्रीमंडल में शामिल हुए हैं। इस तरह कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भी दो मंत्री मिले हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के समय हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्र से तीन-तीन मंत्री बने थे । अब मंत्री मंडल विस्तार से संसदीय क्षेत्रों को मिले मंत्रियों में बदलाव आ गया है।