रिश्‍ते में चाचा ने किया छह वर्षीय मासूम से दुष्‍कर्म, मां की शिकायत पर आरोपित गिरफ्तार

अम्ब से सटी एक पंचायत में देवभूमि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां रिश्ते में ही चाचा ने अपनी छह वर्षीय भतीजी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। चाचा और भतीजी के रिश्ते को तार-तार करने वाला आरोपित 20 वर्षीय है। वहीं मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट व आइपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने यह मामला बच्ची की मां की शिकायत पर दर्ज किया है। बच्ची की मां का कहना है कि रात को करीब दस बजे सोते समय उसकी बेटी ने उसे दर्द होने की बात कही। पूछे जाने पर बच्ची ने कहा कि 22 जुलाई को चाचा ने उसके साथ गलत काम किया है। महिला ने कहा कि आरोपित युवक उसके पति के चाचा का बेटा है। उधर, एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि महिला की शिकायत मिलने पर महिला थाना में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।