मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मिशन रिपीट को मिली बड़ी ताकत

 

 भाजपा ने उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में किया मिशन रिपीट 

शिमला. देश में हुए पांच राज्यों में चुनावों में से चार राज्यों में भाजपा की भारी जीत से हिमाचल भाजपा को भी बड़ी राहत मिली है। उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की वर्तमान सरकार ने मिशन रिपीट को कामयाब किया है। हिमाचल प्रदेश से सटे पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार ने रिपीट किया है और फिर भाजपा की सरकार बन रही है। इन चुनावों में मिली भाजपा की जीत से हिमाचल में भाजपा की सरकार के मिशन रिपीट को बड़ी ताकत मिली है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मिशन रिपीट को लेकर प्रदेश में विकास कार्य करवाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने जयराम ठाकुर ने वर्तमान में प्रस्तुत बजट में भी प्रदेश की जनता को बहुत से तोहफे दिए हैं। चारों राज्यों में भाजपा सरकार को मिली जीत का बड़ा कारण केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याण कारी योजनाओं को माना जाता है। केंद्र सरकार की गरीबों को मकान देने की योजना, उज्जवला योजना और मुफ्त अनाज देने की योजना का लाभ आम जनता को मिला है। जिससे जनता ने भाजपा को समर्थन देकर फिर से सत्ता पर काबिज किया है। हिमाचल प्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लाभ जनता को मिल रहा है और सरकार भी केंद्र के प्रमुख योजनाओं के साथ राज्य की योजनाओं को भी जनता के बीच पहुंचा रही है। हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष कें अंत में चुनाव होने है जिससे देश के चार राज्यों में आए चुनाव परिणामों से भाजपा का ग्राफ बढ़ा है। जिससे तय है कि इसका फायदा हिमाचल में भाजपा को मिलेगा। हिमाचल में वर्तमान में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ही है। उत्तरप्रदेश में कांग्रेस की खस्ता हालत और पंजाब में कांग्रेस की हार के साथ उत्तराखंड में भी कांग्रेस बुरी तरह हारी है। पांचों प्रदेश में कांग्रेस की हार का नुकसान हिमाचल कांग्रेस को भी होगा। पंजाब और उत्तराखंड में कांग्रेस को उम्मीद थी कि वहां पर प्रदर्शन बेहतर हो सकता है लेकिन कांग्रेस नेताओं के बीच छिड़ी लड़ाई ने भी कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया है। पंजाब में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेशाध्यक्ष सिद्धु को हार का सामना करना पड़ा हैं तो उत्तराखंड में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के चेहरा रहे हरीश रावत को हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब और उत्तराखंड में छिड़ी कांग्रेस नेताओं के बीच लड़ाई हिमाचल में भी हो रही है। यहां भी प्रदेशाध्यक्ष पद से लेकर मुख्यमंत्री पद के चेहरा बनने के लिए कांग्रेस के आधा दर्जन नेताओं के बीच जंग छिड़ी है। जिसका नुकसान तो कांग्रेस नेताओं को उठाना पड़ सकता है। हालांकि वर्तमान में चार राज्यों में भाजपा की जीत और वर्तमान भाजपा सरकार के मिशन रिपीट ने हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मिशन रिपीट अभियान को ताकत अवश्य दी है। चार राज्यों में भाजपा को मिली जीत से प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश आया है और यह जोश आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए फायदेमंद होगा। चार राज्यों में जीत का जश्न मनाने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा कार्यालय गए और जीत का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री ने दाबा किया कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड की तरह हिमाचल में मिशन रिपीट होगा और आगे भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।