सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री के रुप में देख रही हमीरपुर की जनता, मिला रहा भारी जनसमर्थन

शिमला. कांग्रेस प्रचार कमेटी के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू को हमीरपुर की जनता मुख्यमंत्री के चेहरे के रुप में देख रही है। सुक्खू कांग्रेस के दिग्गज नेता हैं, जिससे हमीरपुर जिले के लोगों को उम्मीद है कि अब फिर से हमीरपुर जिले को मुख्यमंत्री मिलेगा। हिमाचल की सियासत के रिवाज के अनुसार अब कांग्रेस की सरकार बनेगी। चुनावों में कांग्रेस पार्टी पूरी दम खम से उतरी है। प्रचार कमेटी की कमान सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपी है। अमूनन यह माना जाता है कि प्रचार कमेटी का मुखिया ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन होता है। कांग्रेस हाईकमान ने भले ही मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है लेकिन कांग्रेस के बड़े चेहरे के रुप में सामने आए सुक्खू को हमीरपुर की जनता मुख्यमंत्री के चेहरे के रुप में देख रही है। सुक्खू हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। नादौन विधानसभा क्षेत्र के रंगस, बड़ा, धनेटा, कांगू, गलोड़ सहित नादौन शहर के लोग चुनावी चर्चा में यह बात जरुर कहते हैं कि हमीरपुर से फिर एक बड़ा नेता तैयार हुआ है जिसे मुख्यमंत्री के रुप में देखा जा रहा है। इस बात को लेकर ही सुक्खू हो नादौन विधानसभा क्षेत्र की जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।

 

कांग्रेस की सियासत में सुखविंदर सिंह सुक्खू एक बड़ा नाम है। कांग्रेस में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस में अध्यक्ष पद की भूमिका निभाते हुए सुक्खू कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान हुए है। जिससे साबित होता है कि सुक्खू ने अपने सियासी संघर्ष से यह मुकाम हासिल किया है। अब विधानसभा चुनावों के समय कांग्रेस हाईकमान ने सुक्खू को प्रचार कमेटी के प्रमुख की जिम्मदारी सौंपी है। जिसके चलते सुक्खू प्रदेश भर में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार में डटे हैं। प्रचार कमेटी के प्रमुख बनने के साथ ही सुक्खू को प्रदेश भर में भारी समर्थन मिल रहा है। अब सुक्खू को उनके समर्थक मुख्यमंत्री चेहरे के रुप में देख रहे हैं। खासतौर से हमीरपुर जिले के लोग सुक्खू को मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं। इससे पहले हमीरपुर जिले से भाजपा के प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री थे। गत चुनावों में धूमल चुनाव हार गए जिससे मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। इस चुनावों में प्रेम कुमार धूमल नहीं लड़ रहे हैं। जिससे हमीरपुर के लोगों को मुख्यमंत्री पद छिन्ने का गम सता रहा है। हमीरपुर के लोगों को अहसास है कि जिले से मुख्यमंत्री होने पर जिले को कितना फायदा होता है। जिले में विकास तेजी से होने के साथ-साथ जिले के लोगों के काम भी आसानी से होते हैं। जिससे अब कांग्रेस के बड़े नेता के रुप में उभरे सुखविंदर सिंह सुक्खू को लोग मुख्यमंत्री के रुप में देखकर उनका समर्थन कर रहे हैं। नादौन विधानसभा क्षेत्र में तो सुक्खू को भारी समर्थन मिल ही रहा है बल्कि पूरे हमीरपुर जिले में सुक्खू का हाथ मजबूत करने के लिए लोग समर्थन कर रहे हैं।